
वाराणसी। दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। रविवार को प्रशासन ने बुलडोजर और पोकलैंड मशीनों की मदद से कई भवनों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई तेज कर दी। सुबह से ही भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अभियान चलाया गया। मशीनों ने एक-एक कर चिन्हित भवनों को ध्वस्त किया, जिससे पूरे इलाके में गहमागहमी का माहौल रहा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच लोगों की आवाजाही भी नियंत्रित की गई। प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण से दालमंडी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और श्रद्धालुओं व स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। लंबे समय से चल रही इस कार्रवाई के अंतिम चरण में पहुंचने के साथ ही परियोजना को जल्द पूरा करने की तैयारी है, ताकि क्षेत्र का विकास कार्य निर्धारित समय पर पूरा किया जा सके।
