बारिश में ढही गरीब की झोपड़ी, चौकीदार का परिवार मलबे में दबा; बेटी ने तोड़ा दम

लखनऊ । मोहनलालगंज क्षेत्र में बुधवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने गदियाना गांव के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज बारिश के कारण फूस की झोपड़ी अचानक ढह गई, जिसमें स्थानीय थाने के चौकीदार गोकुल प्रसाद का परिवार मलबे में दब गया। हादसे में उनकी 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी रिंकी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी घायल हो गईं।

गदियाना गांव निवासी गोकुल प्रसाद स्थानीय थाने में चौकीदार के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार रात वह अपनी पत्नी बिन्दादेई और बेटी रिंकी के साथ झोपड़ी में सो रहे थे। लगातार हो रही बारिश के बीच अचानक झोपड़ी भरभराकर गिर गई और तीनों मलबे में दब गए।

हादसे के बाद बिन्दादेई किसी तरह मलबे से बाहर निकलने में कामयाब रहीं, लेकिन गोकुल प्रसाद और उनकी बेटी रिंकी अंदर फंस गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला।

ग्रामीणों ने रिंकी को तुरंत इलाज के लिए ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। रिंकी कक्षा 11 की छात्रा थी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

TOP

You cannot copy content of this page