बारिश बनी काल! 100 साल पुराना मकान ढहा, एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत, सीएम योगी ने जताया शोक

लखनऊ/प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली वार्ड में देर रात करीब 100 वर्ष पुराना मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे। मकान के मलबे में दबने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां छह लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।

इस हादसे में महुली निवासी नितिन श्रीवास्तव (24), प्रमोद श्रीवास्तव (45), रीता श्रीवास्तव (42), माधुरी (24), माधव (2) और छह माह के बाबू की मौत हो गई। वहीं अमन श्रीवास्तव घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और घायल अमन श्रीवास्तव के समुचित उपचार के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रतापगढ़ में हुई यह दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा घायल को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना की। प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

TOP

You cannot copy content of this page