
शुक्लागंज (उन्नाव)। गंगाघाट थाना क्षेत्र की जाजमऊ चौकी के अंतर्गत एक सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे और लैपटॉप, इंडक्शन, पीतल के बर्तन समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, मकान मालिक कल्पना कश्यप किसी काम से घर से बाहर गई थीं। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। जब परिवार वापस लौटा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और कई कीमती वस्तुएं गायब थीं। यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही गंगाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पीड़ित परिवार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और चोरी गए सामान की जल्द बरामदगी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
