हर घर तिरंगा अभियान: 9 अगस्त से शुरुआत, गोरखपुर-महराजगंज में सीएम और प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी

गोरखपुर। भारतीय जनता पार्टी के हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकाली जाने वाली तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में शामिल होंगे, जबकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी महराजगंज में यात्रा की अगुवाई करेंगे। यह कार्यक्रम 10 या 11 अगस्त को आयोजित होने की संभावना है। कार्यक्रम की तिथि जल्द घोषित की जाएगी।

भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने बुधवार को रानीडीहा स्थित पार्टी कार्यालय में संगठन पदाधिकारियों और मॉनिटरिंग टीम की बैठक में मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने जिलेवार हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को सक्रियता से जुटने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंडल स्तर पर तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। इसकी शुरुआत 9 अगस्त को राजधानी लखनऊ से होगी। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी यात्रा का नेतृत्व करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री गोरखपुर और प्रदेश अध्यक्ष महराजगंज की तिरंगा यात्रा में शामिल होकर इसकी अगुवाई करेंगे।

विनोद राय ने कहा कि हर घर पर तिरंगा फहराने और तिरंगा यात्रा निकालने का अभियान राष्ट्र प्रथम की भावना को मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रभक्ति से जुड़े अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी से काम करे।

बैठक का संचालन अभियान के सह संयोजक सिद्धार्थ शंकर पांडेय ने किया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. बच्चा पांडेय नवीन, सह क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी राहुल तिवारी समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

10 से 12 अगस्त तक मंडलों में निकलेगी तिरंगा यात्रा

भाजपा महानगर इकाई की कार्यशाला बेनीगंज स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित हुई, जिसमें स्वतंत्रता दिवस से जुड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।

कार्यशाला में क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने बताया कि सभी मंडलों में 10 से 12 अगस्त तक एक से दो किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसके अलावा 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों और वीर बलिदानियों के स्मारकों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

TOP

You cannot copy content of this page