दहेज, ब्लैकमेलिंग और दूसरी शादी का आरोप; महिला डॉक्टर ने पति-ससुराल वालों के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा

गोरखपुर । शाहपुर क्षेत्र की रहने वाली 35 वर्षीय महिला डॉक्टर ने अपने पति, सास-ससुर और ननद पर दहेज उत्पीड़न, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, बिना तलाक दूसरी शादी करने और जान से मारने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, दहेज उत्पीड़न, मारपीट, बिना तलाक दूसरी शादी सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता वर्तमान में बस्ती में चिकित्सक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 29 नवंबर 2019 को उनका विवाह छत्तीसगढ़ निवासी एक एनेस्थेसियोलॉजिस्ट से हुआ था। उनका आरोप है कि शादी में करीब 50 लाख रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन ससुराल पहुंचने के बाद से ही फॉर्च्यूनर कार की मांग को लेकर उन्हें प्रताड़ित किया जाने लगा। पति और ससुराल पक्ष के लोग लगातार कार खरीदने के लिए दबाव बनाते रहे।

महिला डॉक्टर ने आरोप लगाया कि उनका पति कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें बेहोश कर देता था और इस दौरान आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बना लेता था। बाद में इन्हीं वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल किया गया। परिवार की ओर से वैवाहिक संबंध बचाने के प्रयास में 28 मार्च 2022 को फॉर्च्यूनर खरीदने के लिए 32.50 लाख रुपये दिए गए, लेकिन इसके बाद भी उत्पीड़न जारी रहा।

पीड़िता का आरोप है कि पति ने उनकी 20 लाख रुपये की एफडी भी तुड़वा दी, जिसमें से 10 लाख रुपये अपने पास रख लिए। उन्होंने पति पर कई महिलाओं से संबंध होने और बिना तलाक दिए दूसरी महिला डॉक्टर से शादी करने का भी आरोप लगाया है।

शिकायत में महिला डॉक्टर ने आरोप लगाया कि 7 मई 2026 को पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके गले में रस्सी बांधकर पंखे से लटकाने की कोशिश की। हालांकि रस्सी टूट जाने से उनकी जान बच गई। इसके बाद उन्हें दोनों बच्चों के साथ घर से निकाल दिया गया।

सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि महिला डॉक्टर की तहरीर के आधार पर पति, सास-ससुर और ननद के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

TOP

You cannot copy content of this page