हाईवे पर बड़ा हादसा: टायर फटते ही डिवाइडर से टकराई टूरिस्ट क्रूजर, 14 घायल

सुल्तानपुर। जिले की लंभुआ कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। वाराणसी से अयोध्या जा रही एक टूरिस्ट क्रूजर का अगला टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। हादसे में चालक समेत 14 लोग घायल हो गए। इनमें चार यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

एएसपी बृज नारायन सिंह ने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब पांच बजे मदनपुर पनियार गांव के पास हुई। तेज रफ्तार क्रूजर का अगला टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सीधे डिवाइडर से टकरा गया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस, एनएचएआई की टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लंभुआ पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चार यात्रियों को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

गंभीर घायलों में मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के मोहगांव निवासी पुदधूलाल (65), बलराम, कल्लू और बतीसिया शामिल हैं। वहीं अन्य घायलों में जगराम, नुखिया बाई, लखन मसकोले, बाती झरिया, रजनी, सकुन, कुटुलाल, दिव्या झारिया तथा चालक साहिद पुत्र असलम निवासी लोहता (वाराणसी) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

TOP

You cannot copy content of this page