चंद मिनटों में लौट आई खुशियां! मंडुवाडीह पुलिस की महिला उपनिरीक्षक नेहा परवीन ने ढूंढ निकाला महिला का खोया पर्स, मोबाइल और नकदी भी मिली सुरक्षित

वाराणसी। मंडुवाडीह पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता ने एक महिला की चिंता को कुछ ही देर में खुशी में बदल दिया। पुलिस ने गुम हुआ पर्स खोजकर न केवल उसमें रखा मोबाइल और जरूरी दस्तावेज बरामद किए, बल्कि नगदी भी सुरक्षित हालत में महिला को सौंप दी।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 31 जुलाई 2026 को मिर्जापुर जनपद के चुनार थाना क्षेत्र स्थित रैपुरिया गांव निवासी प्रिया सिंह पत्नी चंदन कुमार सिंह ने मंडुवाडीह थाने में सूचना दी कि मंडुवाडीह चौराहे के आसपास उनका पर्स कहीं गुम हो गया है। पर्स में मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड और नगदी रखी हुई थी। जरूरी दस्तावेज और मोबाइल खो जाने से वह काफी परेशान थीं।

सूचना मिलते ही मंडुवाडीह थाने की महिला उपनिरीक्षक नेहा परवीन ने बिना देर किए खोजबीन शुरू कराई। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र में सक्रियता से तलाश अभियान चलाया और कुछ ही समय में महिला का गुम हुआ पर्स बरामद कर लिया। जांच करने पर पर्स में रखा मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड और नगदी भी सुरक्षित मिली।

इसके बाद पुलिस ने सभी सामान विधिवत प्रिया सिंह को सुपुर्द कर दिया। अपना खोया हुआ सामान सुरक्षित वापस मिलने पर महिला के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने मंडुवाडीह पुलिस, विशेष रूप से महिला उपनिरीक्षक नेहा परवीन का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की संवेदनशीलता, तत्परता और ईमानदार कार्यशैली की जमकर सराहना की।

इस सराहनीय कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने भी प्रशंसा की और कहा कि मंडुवाडीह पुलिस की सक्रियता से आम लोगों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हुआ है।

TOP

You cannot copy content of this page