
नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि भारत सरकार 25 अगस्त 2026 की रात से देशभर में Instagram पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने जा रही है। इस दावे ने सोशल मीडिया यूजर्स के बीच भ्रम और चर्चा का माहौल पैदा कर दिया है। हाल के दिनों में भ्रामक और अफवाह फैलाने वाली पोस्टों की बढ़ती संख्या के बीच यह दावा भी तेजी से शेयर किया जा रहा है।
इस वायरल दावे पर अब प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) फैक्ट चेक ने बड़ा खुलासा किया है। पीआईबी ने स्पष्ट किया है कि भारत सरकार की ओर से इंस्टाग्राम पर प्रतिबंध लगाने संबंधी कोई भी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा यह दावा पूरी तरह फर्जी, भ्रामक और निराधार है।
पीआईबी फैक्ट चेक ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करें और किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता जरूर जांच लें। सरकारी योजनाओं, फैसलों या नीतियों से जुड़ी जानकारी केवल आधिकारिक सरकारी स्रोतों से ही प्राप्त करें।
इसके साथ ही पीआईबी ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को केंद्र सरकार से जुड़ी कोई संदिग्ध फोटो, वीडियो, संदेश या पोस्ट प्राप्त होती है, तो उसकी सत्यता @PIBFactCheck के आधिकारिक हैंडल पर भेजकर जांची जा सकती है।
पीआईबी ने एक बार फिर लोगों से अफवाहों से सतर्क रहने और जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया का उपयोग करने की अपील की है, ताकि फर्जी खबरों के प्रसार पर रोक लगाई जा सके।
