सीएम के दौरे से पहले हाई अलर्ट: कमिश्नर की सख्त ब्रीफिंग, नो फ्लाई जोन, ड्रोन बैन और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा

वाराणसी (काशीवार्ता): मुख्यमंत्री के प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर सुरक्षा, ट्रैफिक और वीआईपी मूवमेंट की विस्तृत समीक्षा की तथा सभी अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।

कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच और फ्रिस्किंग के बाद ही प्रवेश दिया जाए। महिलाओं की जांच केवल महिला पुलिसकर्मियों द्वारा की जाएगी। वीआईपी मार्ग को पूरी तरह अवरोधमुक्त रखने, रूट पर क्रेन की तैनाती और फायर ब्रिगेड की टीम को हर समय तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और वीआईपी रूट को नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। इस दौरान ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत रूफटॉप ड्यूटी, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन निगरानी के जरिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी।

भीड़ प्रबंधन के लिए नो टच पॉलिसी लागू करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो। साथ ही ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को मोबाइल फोन का अनावश्यक इस्तेमाल न करने की हिदायत भी दी गई है।

ब्रीफिंग में एडीशनल पुलिस कमिश्नर शिवहरी मीणा, डीसीपी गौरव बंशवाल समेत सभी राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

TOP

You cannot copy content of this page