
एनएचआई की कथित लापरवाही से सड़क पर बह रहा सीवर का पानी, संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका, लोगों ने दी आंदोलन की चेतावनी
वाराणसी (काशीवार्ता): रोहनिया क्षेत्र के आराजी लाइन विकासखंड स्थित मोहनसराय चौराहे से अदलपुरा जाने वाला मार्ग इन दिनों एनएचआई की कथित लापरवाही के चलते गंभीर समस्या से जूझ रहा है। हाईवे के सीवर का बदबूदार और गंदा पानी सड़क पर बहने से पूरा मार्ग जलमग्न हो गया है। इससे स्थानीय लोगों, दुकानदारों, राहगीरों और माता शीतला धाम दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाईवे किनारे बना नाला ओवरफ्लो होने के बाद करीब एक सप्ताह पहले एनएचआई के कर्मचारियों ने जेसीबी से अदलपुरा मार्ग पर नाली खोदकर हाईवे का सीवर का पानी इसी सड़क की ओर मोड़ दिया। इसके बाद से सड़क पर काला और दुर्गंधयुक्त पानी जमा है, जिससे पूरे क्षेत्र में बदबू फैली हुई है।
अदलपुरा धाम स्थित माता शीतला मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। वहीं सड़क किनारे रहने वाले लोगों और दुकानदारों का कहना है कि दुर्गंध के कारण दुकान पर बैठना और घरों के बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। लोगों को आशंका है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र में संक्रामक बीमारियां फैल सकती हैं।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और एनएचआई से तत्काल सड़क पर फैले सीवर के पानी की निकासी कराने तथा अव्यवस्थित तरीके से खोदी गई नाली को दुरुस्त करने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि एक-दो दिनों के भीतर समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
