
वाराणसी (काशीवार्ता): सावन में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं और कांवरियों की भीड़ को देखते हुए वाराणसी ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। 30 जुलाई से 28 अगस्त तक शहर में व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान हाईवे से चांदपुर तक एक लेन केवल कांवरियों के लिए आरक्षित रहेगी, ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित और सुगम हो सके।
एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्र ने बताया कि चांदपुर से मोहनसराय तक प्रत्येक शनिवार रात 8 बजे से मंगलवार सुबह 8 बजे तक अन्य वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इस अवधि में प्रयागराज, भदोही, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली और मिर्जापुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। इन्हें रिंग रोड और एनएच-19 के जरिए वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
रोडवेज और निजी बसों के लिए भी अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। हर शनिवार रात से मंगलवार सुबह तक शहर के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन प्रभावी रहेगा, जिससे कांवर यात्रा बिना किसी बाधा के संचालित हो सके।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ऑटो और ई-रिक्शा के छह विशेष रूट भी तय किए गए हैं, ताकि वे आसानी से मंदिरों तक पहुंच सकें। वहीं, पार्किंग की व्यवस्था रोहनियां, मंडुवाडीह, लक्सा, कोतवाली, चेतगंज, आदमपुर, सिगरा और कैंट क्षेत्रों में की गई है। इसके लिए ट्रांसपोर्ट नगर ग्राउंड, एफसीआई गोदाम, मच्छोदरी पार्क, टाउनहाल, क्वींस कॉलेज मैदान और विद्यापीठ परिसर को पार्किंग स्थल बनाया गया है।
ट्रैफिक पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट और डायवर्जन का पालन करें, ताकि सावन मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और सभी श्रद्धालु सुरक्षित ढंग से बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सकें।
