
मीरजापुर। परमहंश आश्रम सत्तेशगढ़ में आयोजित होने वाले गुरु पूर्णिमा मेला-2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए मीरजापुर पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। यह मेला 27 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक आयोजित होगा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सत्तेशगढ़ जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार 27 जुलाई शाम 7 बजे से 30 जुलाई शाम 7 बजे तक दुर्गाजी मोड़ (चुनार), राजगढ़ तिराहा (ब्लॉक तिराहा) और डगमगपुर मोड़ (चुनार) से सत्तेशगढ़ जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
हालांकि, एम्बुलेंस, स्कूली वाहन, डेयरी वाहन, पेट्रोलियम आपूर्ति वाहन, फायर सर्विस, पुलिस वाहन तथा फल-सब्जी जैसी आवश्यक वस्तुओं से लदे छोटे वाहन जोनल अधिकारी की अनुमति के बाद ही इन मार्गों से गुजर सकेंगे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह प्रतिबंध केवल भारी वाहनों पर लागू रहेगा। सामान्य छोटे वाहनों का आवागमन पूर्व की तरह जारी रहेगा।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि गुरु पूर्णिमा मेला सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
