गाजियाबाद।दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई। हादसा भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव कलछीना के पास सुबह करीब पांच बजे हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार कांवड़ियों को टक्कर मार दी।
जानकारी के मुताबिक, तीनों कांवड़िये हरियाणा के झज्जर जिले के रहने वाले थे और हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहे थे। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान ज्ञानप्रकाश, राजकुमार और प्रदीप के रूप में हुई है। तीनों एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिवारों में मातम छा गया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने में जुटी है।
