मुठभेड़ के बाद से फरार बदमाश पर शिकंजा, कोर्ट के आदेश पर घर पर चस्पा हुई कुर्की की नोटिस, मुनादी कर पुलिस ने दी चेतावनी

सोनभद्र/उत्तर प्रदेश। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जुगैल पुलिस ने फरार वांछित अभियुक्त के विरुद्ध न्यायालय के आदेश पर कुर्की की उद्घोषणा की कार्रवाई की। पुलिस ने अभियुक्त के मकान और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कुर्की संबंधी नोटिस चस्पा कराए तथा पीए सिस्टम के माध्यम से मुनादी कराई।

पुलिस के अनुसार, थाना कोन के मुकदमा अपराध संख्या 09/2026, धारा 109(1) बीएनएस से वांछित अभियुक्त सोनू घसिया पुत्र सुरेन्द्र उर्फ सुलेन्द्र घसिया, निवासी चुर्क मोड़ घसिया बस्ती, थाना रॉबर्ट्सगंज के विरुद्ध माननीय न्यायालय से प्राप्त आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बताया कि 14 जनवरी 2026 को थाना कोन क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त कृष्ण उर्फ कृष्ण देव को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि सोनू घसिया मौके से फरार हो गया था। तभी से उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है, लेकिन वह अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सोनू घसिया के विरुद्ध थाना कोन और थाना चोपन में गंभीर धाराओं के तहत तीन मुकदमे दर्ज हैं और वह सभी मामलों में वांछित चल रहा है।

थाना जुगैल पुलिस ने न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए कुर्की की उद्घोषणा की कार्रवाई पूरी कर ली है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि सोनभद्र पुलिस अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

TOP

You cannot copy content of this page