
रेणुकूट (सोनभद्र)। मजदूर एकता हिण्डाल्को के संरक्षक एवं पूर्व वरिष्ठ मजदूर नेता स्वर्गीय कर्मराज सिंह जी की अंतिम यात्रा सोमवार सुबह उनके आवास सीनियर 4A से अत्यंत भावुक माहौल में निकाली गई।
अंतिम यात्रा को उनके चाहने वालों ने विशेष रूप से सजाया। स्वर्गीय कर्मराज सिंह के चित्र को फूल-मालाओं से सजी गाड़ी पर स्थापित किया गया। इस दौरान बैंड बाजे द्वारा “चल उड़ जा रे पंछी, ये देश हुआ बेगाना” की गमगीन धुन बजाई गई, जिसे सुनकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। यह यात्रा उनके आवास से रेणुकूट पुलिस चौकी तक निकाली गई, जहां से उन्हें मणिकर्णिका घाट बनारस के लिए ले जाया गया।
अंतिम दर्शन एवं श्रद्धांजलि देने के लिए नगर के तमाम प्रबुद्ध लोग, दुकानदार, मजदूर साथी बड़ी संख्या में पहुंचे। हिण्डाल्को परिवार की ओर से एचआर क्लस्टर हेड जसवीर सिंह, ईआर हेड अजय सिन्हा, लीगल हेड यशवन्त सिंह, संजय सिंह, सुरेश सिंह, मनीष सिन्हा, वेद प्रकाश, अजय जायसवाल, योगेन्द्र सिंह फौजी, मुन्ना सिंह, राजन सिंह, जितेन्द्र सिंह, ज्ञान धर पाण्डेय, राजकुमार शर्मा, ए.बी. सिंह, डिम्पी, अरुणेश सिंह, विनय सिंह, सुनील सिंह, शिवकुमार सिंह सहित सैकड़ों अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मजदूर साथियों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर चाचा लाल बहादुर स्मारक सेवा समिति के अध्यक्ष, राष्ट्रीय क्षत्रिय महासेना के जिला अध्यक्ष एवं नगर कांग्रेस कमेटी रेणुकूट के नगर अध्यक्ष कृष्ण प्रताप सिंह बबलू ने अपने समस्त पदाधिकारियों के साथ श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वर्गीय कर्मराज सिंह जी का जाना मजदूर समाज और पूरे रेणुकूट-पिपरी क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि उन्होंने जीवन भर मजदूरों के हक की लड़ाई लड़ी और उनका संघर्ष सदैव हम सभी को प्रेरणा देता रहेगा।
अंतिम यात्रा में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी।
