ओबरा थाने में सीओ प्रभात राय का अर्दली रूम, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

सोनभद्र। क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय ने 31 अगस्त 2026 को थाना ओबरा का अर्दली रूम किया। इस दौरान उन्होंने थाने में चल रही विभिन्न महत्वपूर्ण विवेचनाओं, लंबित मामलों, न्यायालय संबंधी कार्यों और थाना अभिलेखों की विस्तार से समीक्षा की।

सीओ ने विवेचकों से प्रकरणवार जानकारी लेते हुए विवेचनाओं की प्रगति, साक्ष्य संकलन, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और लंबित वैधानिक कार्रवाई की स्थिति जानी। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विवेचनाओं का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने भौतिक, तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों का गहन परीक्षण करते हुए प्रभावी वैधानिक कार्रवाई पर जोर दिया। साथ ही लंबित विवेचनाओं को जल्द पूरा करने और वांछित अभियुक्तों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

क्षेत्राधिकारी ने न्यायालय संबंधी कार्यों के समयबद्ध निष्पादन, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा विवेचना की गुणवत्ता बनाए रखने को कहा। उन्होंने अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के साथ अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

TOP

You cannot copy content of this page