नगवां में अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष ने लगाई जन चौपाल
कहा -शोषण करने वाले दबंगों और अराजकतत्वों पर होगी कड़ी कार्रवाई
दुद्धी (काशीवार्ता)। अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीतसिंह खरवार ने नगवां गांव में जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने आदिवासी समाज को जल, जंगल और जमीन पर अधिकार दिलाने की दिशा में काम किया है। वनाधिकार के तहत आदिवासियों को भूमिक अधिकार पत्र देने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोगों की समस्याओं को सुनने के लिए जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी दबंग या अराजकतत्व द्वारा आदिवासियों का शोषण किए जाने की शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जन चौपाल में नगवां निवासी उदय भान सिंह ने बताया कि कनहर नहर निर्माण में उनकी दो बीघा भूमि चली गई है। उन्होंने पेड़-पौधों और भूमि का मुआवजा दिलाने की मांग की। सुधा सिंह ने वनाधिकार के तहत भूमिक अधिकार पत्र दिलाने की मांग रखी। राजन और राजकुमार ने गांव में बंद सामुदायिक शौचालय को चालू कराने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान जीतसिंह खरवार ने अमवार में बांध में डूबी युवती के परिजन श्यामा शंकर पनिका के घर पहुंचकर उन्हें सांत्वना दी। इसके बाद उन्होंने कनहर परियोजना के मुख्य बांध पहुंचकर बांध का निरीक्षण किया। जन चौपाल में एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता, नायाब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह, सुरेंद्र अग्रहरी, चांद प्रकाश जैन, ईश्वरी प्रसाद निराला, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि भीम सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
