शक्तिनगर पुलिस की बड़ी कामयाबी: 36 घंटे में बोलेरो चोरी का खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार

चोरी की बोलेरो के साथ मोटरसाइकिल और वाहन की नंबर प्लेट बरामद, आरोपी मध्य प्रदेश का निवासी

सोनभद्र। शक्तिनगर थाना पुलिस ने बोलेरो वाहन चोरी की घटना का महज 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही और कब्जे से चोरी की बोलेरो, एक अन्य चोरी की मोटरसाइकिल और बोलेरो की नंबर प्लेट बरामद की है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक शक्तिनगर सत्येंद्र राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की थी।

25 अगस्त की रात चोरी हुई थी बोलेरो

जानकारी के मुताबिक, बारब्रिक प्रोजेक्ट लिमिटेड, एनटीपीसी शक्तिनगर में कार्यरत विकास पाण्डेय ने 31 अगस्त को पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि कंपनी के नाम से पंजीकृत बोलेरो JH01CE0558 को 25 अगस्त की रात करीब 10 बजे एनटीपीसी शक्तिनगर स्थित बीएचईएल गेट से लगभग 50 मीटर अंदर डीएम प्लांट के पास खड़ा किया गया था। अगले दिन 26 अगस्त की सुबह करीब 8:30 बजे वाहन मौके से गायब मिला। काफी तलाश के बाद भी वाहन का पता नहीं चल सका।

तहरीर के आधार पर शक्तिनगर थाने में मु0अ0सं0-163/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

सुरागरसी के बाद आरोपी गिरफ्त में

पुलिस टीम ने उपलब्ध साक्ष्यों और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर कार्रवाई करते हुए अम्बिकेश्वर प्रसाद दुबे को 1 सितंबर 2026 की रात करीब 10:03 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर चोरी की बोलेरो, एक चोरी की मोटरसाइकिल और बोलेरो की नंबर प्लेट बरामद हुई।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

यह सामान हुआ बरामद

  • बोलेरो वाहन संख्या JH01CE0558
  • हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल संख्या MP66 MF 1040
  • बोलेरो की नंबर प्लेट संख्या JH01CE0558

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अम्बिकेश्वर प्रसाद दुबे पुत्र गीता प्रसाद, निवासी ग्राम भुड़कुड़ राजमिलान, थाना माड़ा, जनपद सिंगरौली, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र राय, उपनिरीक्षक रंजीत कुमार, उपनिरीक्षक दिनेश गौतम, हेड कांस्टेबल दिनेश गौतम और कांस्टेबल अमृतलाल शामिल रहे।

TOP

You cannot copy content of this page