ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस पर डीएम की पैनी नजर, कैमरों से लेकर सुरक्षा गार्डों की तैनाती तक परखी व्यवस्था

वाराणसी। चुनावी मशीनों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में तहसील सदर स्थित निर्वाचन कार्यालय के ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का बाह्य मासिक निरीक्षण किया। डीएम ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लेते हुए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की जांच की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस के चारों तरफ लगे सीसीटीवी कैमरों की संख्या और उनकी स्थिति, कंट्रोल रूम, प्रत्येक कक्ष में विद्युत आपूर्ति, खिड़कियों और रोशनदानों की सुरक्षा व्यवस्था को परखा। उन्होंने अधिकारियों से सुरक्षा इंतजामों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम ने वेयरहाउस के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए बाहरी सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उप जिला निर्वाचन अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सुरक्षा गार्डों की शिफ्टवार तैनाती और वेयरहाउस की अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

TOP

You cannot copy content of this page