दुद्धी की बिजली समस्या के स्थायी समाधान की मांग, चेयरमैन ने मंत्री ए.के. शर्मा को सौंपा ज्ञापन

दुद्धी। नगर पंचायत दुद्धी के चेयरमैन कमलेश मोहन ने सोमवार को नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की गंभीर विद्युत समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। उन्होंने दुद्धी में 1.32 लाख केवीए क्षमता का पावर स्टेशन स्थापित करने तथा नगर पंचायत के विस्तारीकरण के लिए विशेष बजट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

चेयरमैन ने मंत्री को बताया कि दुद्धी क्षेत्र में बिजली की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। पर्याप्त विद्युत आपूर्ति के लिए 1.32 लाख केवीए क्षमता का पावर स्टेशन स्थापित किया जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्थायी विद्युत व्यवस्था होने से क्षेत्र के लोगों को बार-बार होने वाली बिजली कटौती और लो-वोल्टेज जैसी समस्याओं से राहत मिल सकेगी।

उन्होंने नगर पंचायत के विकास कार्यों के लिए बजट की कमी का मुद्दा भी उठाया। बताया कि बजट के अभाव में सड़क, नाली, गली, विद्युत व्यवस्था और नगर सुंदरीकरण से जुड़े कई कार्य प्रभावित हैं। नगर के विस्तारीकरण की आवश्यकता बताते हुए उन्होंने इसके लिए विशेष बजट की मांग की।

चेयरमैन ने जल निकासी की समस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि बारिश के दौरान नालियों की उचित व्यवस्था न होने से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। सड़कों पर गड्ढों के कारण भी नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने तालाबों के विकास, सड़कों को गड्ढामुक्त कराने तथा गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से निजात दिलाने के लिए भी धन उपलब्ध कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि इन कार्यों के लिए पर्याप्त बजट मिलने पर नगर पंचायत दुद्धी का समुचित और तेजी से विकास किया जा सकेगा। इस अवसर पर नगर पालिका राबर्ट्सगंज की चेयरमैन रूबी प्रसाद, पिपरी चेयरमैन दिग्विजय सिंह और देवेश मोहन मौजूद रहे।

TOP

You cannot copy content of this page