दीनदयालनगर (चंदौली) काशीवार्ता। बलुआ थाना क्षेत्र के चहनियां चौराहे पर रविवार अपराह्न दो उचक्कों ने एक महिला को अपनी बातों में उलझाकर उसके मंगलसूत्र, कर्णफूल और 3000 रुपये नगदी उड़ा लिया और फरार हो गए। जिसकी जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर उचक्कों की तलाश शुरु कर दी है।
जानकारी के मुताबिक बाकरपुर नई बाजार निवासिनी राधिका देवी पत्नी शिववचन यादव रविवार को सकलडीहा ऑटो स्टैंड से ऑटो में बैठकर चहनियां स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती अपनी बहन की बेटी को देखने जा रही थीं। उनके साथ सकलडीहा से ही एक युवक ऑटो में सवार था। चहनियां चौराहे पर उतरते ही उसने अपने एक अन्य साथी को बुला लिया। दोनों युवक राधिका देवी को बातों में उलझाकर बलुआ रोड की ओर ले गए। वहां पहले से रुमाल और कुछ रुपये जमीन पर गिराकर उन्हें भ्रमित किया कि उनके पैसे और रुमाल गिर गए हैं। जैसे ही महिला उन्हें उठाने के लिए झुकीं, उन्हें तेज महक महसूस हुई और चक्कर जैसा आने लगा। इसके बाद युवकों ने कहा कि “दादी, अपने कर्णफूल और मंगलसूत्र पर्स में रख लीजिए, नहीं तो कोई छीन लेगा।” महिला ने उनकी बातों में आकर अपने गहने उतारकर पर्स में रख लिए। तभी उचक्कों ने अपना झोला उन्हें थमा दिया और कहा कि पर्स उसी में रख दें। मौका मिलते ही दोनों उचक्के पर्स से मंगलसूत्र, कर्णफूल और 3 हजार रुपये नकद निकाल लिया और फरार हो गए। जब तक राधिका देवी को ठगी का एहसास होता तब तक दोनों युवक मौके से फरार हो चुके थे। उन्होंने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उचक्कों के छोड़े गए झोले की तलाशी ली जिसमें आधा दर्जन केले, नारियल के टुकड़े और एक गमछा मिला। फिलहाल पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही उचक्कों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। 019
