
चंदौली। गांधी जयंती के अवसर पर मुगलसराय कोतवाली परिसर में महात्मा गांधी को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिसकर्मियों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर बापू को सलामी भी दी।
कार्यक्रम के दौरान देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी मनाई गई। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों पर प्रकाश डाला। पुलिसकर्मियों ने दोनों महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेते हुए उनके बताए सिद्धांतों को अपने कार्य और व्यवहार में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मौजूद पुलिसकर्मियों ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के विचार आज भी समाज और देश के लिए प्रेरणादायी हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर कर्तव्य के प्रति निष्ठा और जिम्मेदारी को और मजबूत किया जा सकता है।
