चंदौली। चकिया क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण प्रमुख बांध और बीयर लबालब भर गए हैं। मूसाखाड़ बांध, लतीफ शाह तथा राजदारी-देवदारी जलाशयों में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जलाशयों में पानी उनकी अधिकतम क्षमता के करीब पहुंचने के बाद ओवरफ्लो की स्थिति बन गई है।
पहाड़ी और मैदानी इलाकों में लगातार बारिश के चलते बांधों में पानी की आवक काफी बढ़ गई है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए संबंधित बांधों के फाटक खोल दिए गए हैं। फाटकों से लगातार हजारों क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया जा रहा है। बांधों से छोड़े जा रहे पानी के कारण आसपास की नदियों, नालों और जलधाराओं का जलस्तर भी बढ़ने लगा है।
जलस्तर में तेजी से हो रही वृद्धि को देखते हुए प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने और नदी-नालों तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।
बारिश का सिलसिला जारी रहने पर जलस्तर में और बढ़ोतरी की संभावना है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और जलाशयों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
