
वाराणसी। अपराधों की रोकथाम और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मण्डुवाडीह पुलिस ने किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने किशोरी को भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, थाना मण्डुवाडीह में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 0308/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 87, 64(1), 142 तथा पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहजादे पुत्र शमीम और अनिल कनौजिया पुत्र राजकुमार कनौजिया, दोनों निवासी सिधौरिया कॉलोनी, शिवदासपुर, थाना मण्डुवाडीह, वाराणसी के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 23 वर्ष बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त 2026 को पीड़ित किशोरी के भाई ने थाने में लिखित शिकायत दी थी कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बहन घर से बिना बताए कहीं चली गई है और वापस नहीं लौटी। शिकायत के आधार पर मण्डुवाडीह थाने में मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू की गई। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सत्यानन्द यादव द्वारा की जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस टीम को आरोपियों के संबंध में मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को 1 सितंबर 2026 को करीब शाम चार बजे थाना मण्डुवाडीह परिसर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने किशोरी को भी बरामद कर लिया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सत्यानन्द यादव, थाना मण्डुवाडीह, कमिश्नरेट वाराणसी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
