चंदौली। डीडीयू जंक्शन के आसपास बाइक चोरी की घटनाओं के बाद अब मुगलसराय कोतवाली और अलीनगर क्षेत्र में भी वाहन चोर सक्रिय नजर आ रहे हैं। लगातार दूसरे दिन बाइक चोरी की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को अलीनगर क्षेत्र के मानस नगर गेट के पास से बाइक चोरी होने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। इससे एक दिन पहले मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र से भी बाइक चोरी की घटना सामने आई थी।
लगातार दो दिनों में बाइक चोरी की घटनाओं से वाहन मालिकों में चिंता बढ़ गई है। वहीं, डीडीयू स्टेशन के आसपास पहले से हो रही बाइक चोरी की घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई हैं। अब मुगलसराय और अलीनगर क्षेत्र में भी चोरों की सक्रियता ने पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई और निगरानी बढ़ाने की जरूरत है। अब देखना होगा कि पुलिस बाइक चोरों पर कब तक शिकंजा कस पाती है।
