
महिला समेत दो पुजारियों की मौत, डीआईजी समेत भारी पुलिस बल मौके पर
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम पूजा के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। फायरिंग की घटना में महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान आरोपी अरविंद सिंह की पत्नी बबीता, पटखौली निवासी महेंद्र पाठक और छितौना भटौली निवासी अखिलेश मिश्रा के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, अरविंद सिंह बाजार से घर पहुंचा था। इसी दौरान पूजा में शामिल पंडितों से आधार कार्ड मांगने को लेकर उसका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अरविंद ने घर में रखी पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी पत्नी बबीता समेत दोनों पंडित गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों की मौत हो गई।
घटना के बाद पूजा में शामिल अन्य पंडित मौके से भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। डीआईजी समेत पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों, फायरिंग की परिस्थितियों और वारदात में शामिल लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
