
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास एवं श्री काशी विश्वनाथ विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के नव नियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र ने सोमवार, 21 सितंबर को विधिवत अपना पदभार ग्रहण किया।
पदभार ग्रहण करने से पहले सत्यम मिश्र ने सपरिवार श्री काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
पदभार ग्रहण के दौरान मंदिर न्यास एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यभार संभालने के बाद मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और उनका अभिवादन स्वीकार किया।
इस दौरान सत्यम मिश्र ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम दर्शन, व्यवस्थाओं की गुणवत्ता और श्री काशी विश्वनाथ धाम की गरिमा के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।
नव नियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पदभार ग्रहण के साथ ही मंदिर न्यास और विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच समन्वित कार्यप्रणाली पर जोर दिए जाने की उम्मीद है।
