वाराणसी। दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना को सोमवार को बड़ा सहयोग मिला, जब लंगड़ा हाफिज मस्जिद कमेटी ने प्रशासन से सहमति बनने के बाद सड़क की जद में आए चिन्हित निर्माण को स्वयं हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। मस्जिद परिसर में मजदूरों के माध्यम से ध्वस्तीकरण का कार्य कराया जा रहा है, जिससे परियोजना को गति मिलने की उम्मीद है।
मस्जिद कमेटी ने प्रभावित 24 दुकानों को पहले ही खाली करा दिया है। दुकानदारों के पुनर्वास के लिए मस्जिद परिसर के पूर्वी हिस्से में नई दुकानों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। नई दुकानें तैयार होने के बाद सभी प्रभावित व्यापारियों को वहीं स्थानांतरित किया जाएगा, ताकि उनके कारोबार पर न्यूनतम प्रभाव पड़े।
गौरतलब है कि प्रशासन ने पहले सर्वे के दौरान मस्जिद के उत्तरी हिस्से को सड़क चौड़ीकरण की जद में चिह्नित कर लाल निशान लगाए थे। इसके बाद प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच कई दौर की बातचीत हुई। सहमति बनने पर कमेटी ने स्वयं निर्माण हटाने का फैसला लिया, जिससे परियोजना को बिना किसी विवाद के आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया।
यह पहली बार नहीं है जब किसी धार्मिक स्थल ने इस परियोजना में सहयोग दिया हो। इससे पहले करीमुल्ला बेग मस्जिद, निसारन मस्जिद, अली रजा खान मस्जिद, संगमरमर मस्जिद और रंगीले शाह मस्जिद की प्रबंधन समितियां भी सड़क चौड़ीकरण की जद में आए हिस्सों को स्वयं हटाकर बाद में उनका नवीनीकरण करा चुकी हैं।
प्रशासन का कहना है कि दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना को आपसी संवाद और सहमति के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रभावित धार्मिक स्थलों और व्यापारियों के सहयोग से विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र में बेहतर यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित हो सकें।
