सर्राफा व्यापारी से लूट का खुलासा: सोनभद्र में मुठभेड़ के दौरान शातिर लुटेरा गोली लगने से घायल, साथी गिरफ्तार

सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के शीशटोला जंगल में सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की वारदात का सोनभद्र पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लूट में शामिल एक शातिर बदमाश को गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया, जबकि उसके साथी को भी मौके से दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और ₹12,200 नकद बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

18 जुलाई को सर्राफा व्यापारी से हुई थी लूट

पुलिस के मुताबिक, 18 जुलाई को चपकी निवासी सर्राफा व्यापारी कुलधीर कुमार रघुनाथनगर, छत्तीसगढ़ के साप्ताहिक बाजार से आभूषण बेचकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। शाम करीब 6:30 बजे शीशटोला जंगल में मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने चाकू से हमला करने के बाद सोने-चांदी के आभूषण और करीब ₹40 हजार नकद से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए थे। मामले में बभनी थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी थी।

भोर में चेकिंग के दौरान आमना-सामना

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर बभनी और म्योरपुर पुलिस की संयुक्त टीम लगातार बदमाशों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान 25 जुलाई की सुबह करीब 3:27 बजे पुलिस को शीशटोला जंगल में संदिग्ध बाइक सवारों के आने की सूचना मिली। प्रभारी निरीक्षक बभनी दिन्नू प्रसाद यादव और म्योरपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह की टीम ने चेकिंग शुरू कर दी।

कुछ देर बाद रघुनाथनगर की तरफ से बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे बाइक की रफ्तार बढ़ाकर मगरमाड़ तिराहे की ओर भागने लगे। पीछा करने पर करीब 100 मीटर आगे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। दोनों बदमाश झाड़ियों की ओर भागने लगे।

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल

पुलिस के अनुसार घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान रमेश साकेत निवासी कनई, थाना बरगवां, सिंगरौली के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर पकड़ा गया। उसका साथी मनोज साकेत निवासी बड़ोखर, थाना बरगवां, सिंगरौली भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

पुलिस ने मौके से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, पुलिस द्वारा चलाए गए 9 एमएम कारतूस का खोखा, काले रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल और ₹12,200 नकद बरामद किए।

रैकी के बाद चार बदमाशों ने दिया था वारदात को अंजाम

पूछताछ में रमेश ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 18 जुलाई को सर्राफा व्यापारी को लूटा था। पुलिस के मुताबिक, मनोज साकेत ने व्यापारी की रैकी की थी। लूट की रकम में चारों आरोपियों को ₹10-10 हजार का हिस्सा मिला था। पूछताछ में पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।

गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मनोज साकेत के खिलाफ मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में चोरी, लूट, आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट, मारपीट और अन्य धाराओं में 13 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मुठभेड़ में घायल रमेश साकेत के खिलाफ वर्ष 2013 में थाना बरगवां में हत्या और लूट की धाराओं में मुकदमा दर्ज रहा है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ लूट के मुकदमे में धारा 317(2), 109(1) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की है। घायल रमेश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अब गिरोह के फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

TOP

You cannot copy content of this page