ठेकेदार की आत्महत्या से मचा हड़कंप: नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 7 पर मुकदमा, प्रताड़ना और भुगतान रोकने के आरोपों की जांच शुरू

अनपरा में पेटी ठेकेदार पीयूष सिंह की मौत का मामला गरमाया, पिता की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज की FIR

अनपरा, सोनभद्र। नगर पंचायत अनपरा में पंजीकृत पेटी ठेकेदार पीयूष सिंह की आत्महत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने नगर पंचायत अध्यक्ष समेत सात नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने समेत विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

मृतक के पिता प्रदीप कुमार सिंह, निवासी मुड़ियार सैदपुर, जनपद गाजीपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पुत्र पीयूष सिंह अपनी पत्नी और पुत्र के साथ अनपरा कॉलोनी के प्रथम टाइप क्वार्टर संख्या-660 में रहते थे। पीयूष नगर पंचायत में पंजीकृत ठेकेदारों अनुप सिंह, रानू सिंह और महेश द्विवेदी की फर्मों के माध्यम से पेटी ठेकेदार के रूप में काम करते थे।

भुगतान रोकने और धमकी देने का आरोप

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत अध्यक्ष विश्राम प्रसाद बैसवार, उनके पुत्र स्वतंत्र बैसवार, नगर पंचायत के बड़े बाबू गणेश तिवारी तथा ठेकेदार अनुप सिंह, सच्चिदानंद सिंह और सवितानंद सिंह समेत सात लोगों द्वारा पीयूष सिंह को कथित तौर पर लगातार परेशान किया जा रहा था।

परिजनों का आरोप है कि पीयूष द्वारा किए गए कार्यों का भुगतान रोक दिया गया था। इसके साथ ही कथित रूप से धमकियां देकर उन्हें आर्थिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। इन्हीं परिस्थितियों से परेशान होकर पीयूष ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।

FIR के बाद जांच तेज

पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने नगर पंचायत अध्यक्ष समेत सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपों की जांच के साथ घटना से जुड़े दस्तावेज, भुगतान संबंधी रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है।

पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद नगर पंचायत से जुड़े लोगों में भी चर्चा तेज हो गई है।

TOP

You cannot copy content of this page