लंबित भुगतान पर प्रधानों का फूटा आक्रोश, बोले-समाधान नहीं तो प्रशासन को लौटाएंगे डोंगल

चोपन/सोनभद्र। विकास खंड चोपन की ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों तथा पूर्व में कराए गए कार्यों के भुगतान में हो रही देरी को लेकर गुरुवार को प्रधान संघ की अध्यक्षता में ग्राम प्रधान-प्रशासकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भुगतान लंबित रहने से विकास कार्यों पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव और ग्रामीणों को हो रही असुविधाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई।
बैठक में प्रधान-प्रशासकों ने बताया कि हैंडपंप मरम्मत, सोलर वाटर पंपों की मरम्मत, नालियों की सफाई, मिस्त्रियों एवं मजदूरों के भुगतान सहित कई आवश्यक कार्य भुगतान के अभाव में प्रभावित हैं। इससे ग्राम पंचायतों में बुनियादी सुविधाओं के संचालन और विकास कार्यों की गति धीमी पड़ गई है।
प्रधानों का कहना था कि ग्राम प्रधानों को प्रशासक का दायित्व संभाले लगभग दो माह बीत चुके हैं, लेकिन पूर्व में कराए गए विकास कार्यों का भुगतान अब तक नहीं हो सका है। इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) से वार्ता करने पर उन्हें बताया गया कि भुगतान जिला स्तर पर लंबित है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 7 अगस्त को सभी ग्राम प्रधान जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी से मुलाकात करेंगे और ग्राम पंचायतों में भुगतान लंबित रहने से उत्पन्न स्थिति से अवगत कराएंगे। प्रधानों प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि यदि इसके बाद भी भुगतान की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सभी प्रधान-प्रशासक सामूहिक रूप से अपना डोंगल प्रशासन को सौंप देंगे।
प्रधानों ने कहा कि भुगतान बाधित रहने के कारण ग्राम पंचायतों में आवश्यक विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे ग्रामीणों की दैनिक समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कर विकास कार्यों को गति देने तथा ग्राम पंचायतों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
इस बैठक में राम सजीवन यादव, तारा देवी, पकौड़ी, सुमन, राम नगीना, कन्हाई, सुनीता देवी, अखिलेश आदि लोग उपस्थित रहे।

TOP

You cannot copy content of this page