
वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने नागरिक सुविधाओं को अधिक पारदर्शी, तेज और जवाबदेह बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ऑनलाइन वीडीए कंपाउंडिंग सिस्टम (OVCS) का शुभारंभ किया है। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने इस डिजिटल व्यवस्था की शुरुआत करते हुए कहा कि अब मानचित्र कंपाउंडिंग की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी, जिससे फाइलों की ट्रैकिंग आसान होगी और अनावश्यक देरी खत्म होगी।
अब भवन स्वामी और आर्किटेक्ट पोर्टल पर आवेदन, ड्रॉइंग और आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे, ऑनलाइन शुल्क जमा करेंगे और अपने आवेदन की हर चरण की रियल-टाइम स्थिति भी देख सकेंगे। इससे ऑफलाइन फाइलों के गुम होने या प्रगति की जानकारी न मिलने जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।
नई व्यवस्था में कनिष्ठ अभियंता (JE) से लेकर उपाध्यक्ष (VC) तक सभी अधिकारियों के लिए कार्य निस्तारण की समय-सीमा तय की गई है। निर्धारित अवधि में या तो मानचित्र स्वीकृत किया जाएगा या भवन उपविधियों के अनुरूप आवश्यक आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। इससे पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और समयबद्ध बनेगी।
उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने अधिकारियों को अधिक से अधिक भवन स्वामियों को मानचित्र स्वीकृति के लिए प्रेरित करने और सभी निर्माण कार्य स्वीकृत मानचित्र के अनुसार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पांचों जोनों की समीक्षा करते हुए अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई करने और प्रवर्तन के दौरान आम नागरिकों व गरीबों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में सहायक नगर नियोजक सौरभ जोशी, सभी जोनों के जोनल अधिकारी, एसोसिएट इंजीनियर, कनिष्ठ अभियंता, लिपिकगण और आईटी एक्सपर्ट दिनेश सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
