
वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक शहरी विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने राजातालाब तहसील के कल्लीपुर स्थित अधिग्रहित भूमि का निरीक्षण कर आनंद काशी टाउनशिप की बाउंड्री पर करीब 1.5 हेक्टेयर क्षेत्र में मियावाकी पद्धति से सघन वन विकसित करने का निर्णय लिया।
यह परियोजना सृजन सामाजिक विकास न्यास के सहयोग से संस्था के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में संचालित होगी। वहीं, संस्था के उपाध्यक्ष मदन राम चौरसिया मियावाकी तकनीक, पौधों के चयन और वृक्षारोपण से जुड़े तकनीकी मार्गदर्शन की जिम्मेदारी निभाएंगे।
वीडीए के अनुसार, आनंद काशी लगभग 30 वर्षों बाद विकसित की जा रही प्राधिकरण की पहली समेकित गेटेड टाउनशिप है। काशी की सांस्कृतिक और वैदिक विरासत की अवधारणा पर आधारित इस परियोजना में कुल क्षेत्रफल का कम से कम 15 प्रतिशत हिस्सा हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
टाउनशिप में 24, 18, 12 और 9 मीटर चौड़ी सड़कें, जलापूर्ति, सीवरेज, विद्युत, वर्षा जल निकासी सहित सभी आधुनिक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। प्रथम चरण में करीब 150 एकड़ क्षेत्र में 1,000 से अधिक आवासीय भूखंड तैयार किए जा रहे हैं। परियोजना का रेरा पंजीकरण अंतिम चरण में है और माह के अंत तक पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
वीडीए का कहना है कि मियावाकी वन से न केवल टाउनशिप के निवासियों बल्कि कल्लीपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को भी स्वच्छ वायु, हरित वातावरण और बेहतर पर्यावरणीय संतुलन का लाभ मिलेगा। साथ ही यह पहल जैव विविधता बढ़ाने, हरित आवरण विस्तार और भूजल संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।
