हाईवे पर ट्रक-डीसीएम की भीषण टक्कर, दोनों चालकों की हालत गंभीर

राजातालाब। सावन माह में कांवड़ यात्रा को लेकर हाईवे पर किए गए रूट डायवर्जन के बीच गुरुवार को वीरभानपुर गांव के सामने ट्रक और डीसीएम की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, कांवड़ यात्रा के चलते प्रयागराज से वाराणसी जाने वाली लेन पर सामान्य वाहनों का आवागमन बंद है। ऐसे में हाईवे की दूसरी लेन से दोनों दिशाओं के वाहन गुजर रहे हैं। इसी दौरान ट्रक और डीसीएम की आमने-सामने टक्कर हो गई।

दुर्घटना में डीसीएम चालक मोनू, पुत्र सर्वजीत, निवासी गढ़मुक्तेश्वर (जनपद हापुड़) तथा ट्रक चालक सागर हुसैन, निवासी शेरघाटी (जिला गया, बिहार) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

सूचना मिलते ही राजातालाब थाना प्रभारी दयाशंकर और चौकी प्रभारी राजेश मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात को सुचारु कराया।

TOP

You cannot copy content of this page