
रेणुकूट/सोनभद्र।
जनपद सोनभद्र के रेणुकूट (मूर्धवा) में स्थित सेंट एबीआर पब्लिक स्कूल, की प्रतिभाओं ने एक बार फिर अपनी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय तथा जनपद का नाम रोशन किया है। विद्यालय के छात्र कृष्णा चौबे जो इस वर्ष ABR स्कूल से इंटर कम्प्लीट कर चुका है ने हिंडालको के सहयोग से मेरठ में आयोजित एनआईएटी 2026-27 नेशनल बूट कैंप (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं रोबोटिक्स) में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल, ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र तथा 51,000 रुपए का नकद पुरस्कार अपने नाम किया। वहीं विद्यालय की वर्तमान छात्रा अनवेषा यादव ने हिंडालको द्वारा आयोजित जिला स्तरीय लूडो प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय को एक और बड़ी उपलब्धि दिलाई। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में कृष्णा चौबे ने अपनी तकनीकी दक्षता, नवाचार और समस्या समाधान क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं अनवेषा यादव ने
जिला स्तरीय लूडो प्रतियोगिता में अपनी रणनीति, धैर्य और बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यालय के चेयरमैन आशीष सिंह ने दोनों प्रतिभाओं को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें खेल, विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि कृष्णा चौबे और अनवेषा यादव की सफलता पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है और यह अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य आकाश सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के विद्यार्थी भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते रहेंगे। विद्यालय के प्रबंधक मुकेश सिंह, हेड मिस्ट्रेस गायत्री पांडे तथा समस्त शिक्षकों और कर्मचारियों ने कृष्णा चौबे एवं अनवेषा यादव को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने कहा कि दोनों विद्यार्थियों की सफलता से विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं को भी नई प्रेरणा मिलेगी और वे भी शिक्षा, खेल एवं तकनीकी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित होंगे। दोहरी उपलब्धि से विद्यालय परिसर में हर्ष का माहौल है। विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी दोनों प्रतिभाओं की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
