
वाराणसी। रोहनिया क्षेत्र के मोहनसराय-बैरवन स्थित हाईवे रेलवे ओवरब्रिज पर बनी नवनिर्मित सर्विस रोड कुछ ही महीनों में धंसने लगी है। सड़क की बदहाल स्थिति अब बड़े हादसे की आशंका को लगातार बढ़ा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण के कुछ समय बाद ही सड़क खिसकने लगी थी और अब यह जगह-जगह धंसकर बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है।
अखरी से मोहनसराय की ओर जाने वाली इस सर्विस रोड पर बैरवन गांव के सामने सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क पर मिट्टी और गिट्टियां बिखरी होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिदिन कई बाइक सवार संतुलन खोकर गिर रहे हैं, जिससे कई लोग घायल भी हो चुके हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि शाम के समय अंधेरा होने पर गड्ढे साफ दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इस मार्ग से रोजाना हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन क्षतिग्रस्त सड़क के कारण हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय नागरिकों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क कुछ ही महीनों में जवाब दे गई। लोगों का आरोप है कि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो यह सड़क किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
ग्रामीणों और क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रशासन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने, गड्ढों को भरने और क्षतिग्रस्त हिस्से को सुरक्षित बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में कोई बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता।
