
सोनभद्र। जनपद में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के उद्देश्य से चलाए गए एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान में उत्कृष्ट सहयोग और उल्लेखनीय योगदान के लिए सोनभद्र पुलिस को महामहिम राज्यपाल महोदया द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान जनपद पुलिस की जनसेवा, सामाजिक दायित्व और जनस्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जा रहा है।
प्रदेशव्यापी अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं का सफलतापूर्वक एचपीवी टीकाकरण कराया गया। अभियान को सफल बनाने में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने आपसी समन्वय के साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया और प्रभावी कार्ययोजना के माध्यम से लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया।
जनपद सोनभद्र में भी पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के साथ मिलकर अभियान को गति दी। पुलिस की सक्रिय भागीदारी से टीकाकरण कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित हुआ और अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं तक इस अभियान का लाभ पहुंचाया गया।
इसी क्रम में पुलिस लाइन चुर्क में विशेष एचपीवी वैक्सीनेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस परिवार की पात्र बालिकाओं सहित अन्य किशोरियों का भी टीकाकरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान सोनभद्र पुलिस ने जागरूकता फैलाने, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सोनभद्र पुलिस के इस सराहनीय कार्य को देखते हुए महामहिम राज्यपाल महोदया ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह उपलब्धि न केवल सोनभद्र पुलिस के लिए गौरव का विषय है, बल्कि जनस्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों के प्रति उसकी संवेदनशील कार्यशैली का भी प्रमाण है।
