₹3 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा: बैंक खाते किराए पर देकर ठगों की मदद करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

सोनभद्र। जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अनपरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹3 करोड़ से अधिक की साइबर ठगी से जुड़े बैंक खातों का संचालन करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन (आईफोन और IQOO 12) तथा ₹2,500 नकद बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अनपरा प्रणय प्रसून श्रीवास्तव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार थाना अनपरा में दर्ज मुकदमा संख्या 162/2026, धारा 318(4) बीएनएस एवं 66D आईटी एक्ट की विवेचना के दौरान साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों के संबंध में अहम सुराग मिले। मुखबिर की सूचना पर थाना शक्तिनगर क्षेत्र के चिल्काडांड बाजार में दबिश देकर विजय कुमार अग्रहरी (35) और मुकेश कुमार गुप्ता (30) को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी कई बैंक खातों में इंटरनेट बैंकिंग सक्रिय कर उन्हें साइबर अपराधियों को इस्तेमाल के लिए उपलब्ध कराते थे। जांच के दौरान इन खातों में ₹3 करोड़ से अधिक के संदिग्ध वित्तीय लेन-देन सामने आए हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और इस रकम के स्रोत की गहन जांच कर रही है।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और ₹2,500 नकद बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अशोक सिंह और कांस्टेबल सुशील राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सोनभद्र पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग या मोबाइल बैंकिंग की सुविधा किसी भी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें। ऐसा करना आपको भी साइबर अपराध का आरोपी बना सकता है। किसी भी साइबर ठगी या साइबर अपराध की सूचना तुरंत 1930 हेल्पलाइन या www.cybercrime.gov.in पर दें।

TOP

You cannot copy content of this page