वाराणसी। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली और सुपौल के बीच प्रतिदिन आरक्षित विशेष एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ट्रेन संख्या 04072/04071 नई दिल्ली–सुपौल–नई दिल्ली आरक्षित विशेष एक्सप्रेस का संचालन गुरुवार से शुरू हो रहा है। इस ट्रेन का वाराणसी जंक्शन पर भी ठहराव रहेगा, जिससे पूर्वांचल के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 04072 नई दिल्ली से 6 अगस्त से 30 सितंबर तक प्रतिदिन चलेगी। इस अवधि में ट्रेन कुल 56 फेरे लगाएगी। वहीं, गाड़ी संख्या 04071 सुपौल से 7 अगस्त से 1 अक्टूबर तक प्रतिदिन संचालित होगी और कुल 56 फेरे लगाएगी।
नई दिल्ली से रवाना होने वाली ट्रेन रात 9:35 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 2:35 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचेगी। यहां 10 मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन दोपहर 2:45 बजे सुपौल के लिए रवाना होगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 04071 सुपौल से सुबह 7:45 बजे चलेगी और रात 10:30 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचेगी। यहां 10 मिनट रुकने के बाद 10:40 बजे नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 3:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
उत्तर रेलवे का कहना है कि इस विशेष ट्रेन के संचालन से त्योहारों और छुट्टियों के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। साथ ही दिल्ली, वाराणसी और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
