
वाराणसी।शहर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर गुरुवार तड़के मंडुवाडीह क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पर भी देखने को मिला। रात करीब एक बजे मंडुवाडीह बाजार में स्थापित 250 केवीए का एक ट्रांसफॉर्मर अचानक खराब हो गया, जिससे मंडुवाडीह बाजार, सब्जी मंडी, पंचपेड़वा और आसपास के कई इलाकों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। बिजली गुल होने से स्थानीय लोगों को पूरी रात उमस से परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश और जलभराव के बीच बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू किया। लगातार हो रही बारिश के बावजूद कर्मचारियों ने पूरी रात कड़ी मशक्कत की। खराब ट्रांसफॉर्मर को हटाकर ट्रॉली के माध्यम से वैकल्पिक ट्रांसफॉर्मर लाया गया और उसे स्थापित कर आपूर्ति बहाल करने का कार्य किया गया।
उपखंड अधिकारी विजय सिंह ने बताया कि क्षेत्र में 250 केवीए क्षमता के दो ट्रांसफॉर्मर लगे हैं, जिनमें से एक तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गया था। प्रतिकूल मौसम के बावजूद बिजली कर्मचारियों ने तेजी से काम करते हुए सुबह 5:20 बजे तक वैकल्पिक ट्रांसफॉर्मर चालू कर दिया, जिसके बाद प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य हो गई।
करीब साढ़े चार घंटे तक बिजली बाधित रहने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि बिजली विभाग की तत्परता से सुबह तक हालात सामान्य हो गए। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान बिजली से जुड़ी किसी भी समस्या की सूचना तुरंत नियंत्रण कक्ष या संबंधित उपकेंद्र को दें, ताकि समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके।
