विश्वनाथ धाम से लौटते ही मौत से सामना: पत्नी-बच्चे के सामने युवक को गोलियों से भूना

फर्रुखाबाद। रविवार रात करीब नौ बजे नेशनल हाईवे पर एक सनसनीखेज वारदात में 32 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक अपनी पत्नी और बच्चे के साथ वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर फरीदाबाद लौट रहा था। रास्ते में पांचाल घाट के पास एक दुकान पर कोल्ड ड्रिंक, चिप्स और पानी खरीदने के लिए रुका था। इसी दौरान कार सवार बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दो गोलियां लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान फरीदाबाद के दयालपुर निवासी अरुण के रूप में हुई है। वह शुक्रवार को पत्नी राखी और बच्चे के साथ कार से वाराणसी दर्शन के लिए निकला था। रविवार को लौटते समय गंगा एक्सप्रेस-वे से हरदोई के सवायजपुर कट से उतरकर पांचाल घाट पहुंचा। यहां एक ढाबे के पास किराना दुकान से सामान खरीदने के बाद उसने कोल्ड ड्रिंक में नमक मिलाकर पत्नी को दिया। इसी दौरान सफेद रंग की कार से पहुंचे बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी।

वारदात के समय अरुण की पत्नी और बच्चा भी कार से नीचे उतर चुके थे। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कादरी गेट थाना पुलिस, सीओ सिटी अभय वर्मा और अपर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर कब्जे में लेकर फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। मृतक की पत्नी से भी पूछताछ की जा रही है ताकि हमलावरों के बारे में कोई सुराग मिल सके।

एसपी आरती सिंह ने बताया कि डायल-112 पर अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतक परिवार के साथ वाराणसी से फरीदाबाद लौट रहा था और सामान खरीदने के लिए दुकान पर रुका था। तभी दो युवकों ने उस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज से कुछ अहम सुराग मिले हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं।

TOP

You cannot copy content of this page