लखनऊ। उमस भरी गर्मी से जूझ रहे उत्तर प्रदेश के लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। रविवार को प्रदेश के मौसम ने एक बार फिर करवट ली। तराई क्षेत्र में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही, जबकि बांदा, उरई, बरेली और शाहजहांपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय होगा और अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून ट्रफ के फिर से उत्तर की ओर खिसकने और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के मजबूत होने से 27 से 30 जुलाई के बीच पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में व्यापक वर्षा होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए बहराइच और लखीमपुर खीरी में अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा प्रदेश के 17 अन्य जिलों में भारी बारिश और 48 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
बहराइच, लखीमपुर खीरी, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, सीतापुर, हरदोई, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
