सावन में बाबा के दरबार के नए नियम! मोबाइल, स्मार्टवॉच, बैग और VIP एंट्री पर बड़ा फैसला

वाराणसी। 30 जुलाई से शुरू हो रहे सावन माह को लेकर श्री काशी विश्वनाथ धाम प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। लाखों देशी-विदेशी श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और दर्शन व्यवस्था को लेकर नई गाइडलाइन जारी की गई है।

मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि इस बार पूरा मंदिर परिसर ‘नो प्लास्टिक ज़ोन’ रहेगा। श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए प्लास्टिक के लोटे या अन्य प्लास्टिक सामग्री लेकर नहीं आ सकेंगे। साथ ही मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, बैग, पेन, धातु की नुकीली वस्तुएं और चांदी का छल्ला जैसी वस्तुएं भी मंदिर में ले जाने से बचने की अपील की गई है, ताकि बैगेज काउंटरों पर लंबी कतारों से बचा जा सके। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 45 बैगेज काउंटर बनाए गए हैं।

यातायात व्यवस्था के तहत मैदागिन चौराहे से मंदिर के गेट नंबर 4 तक आवागमन प्रभावित रहेगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

सबसे अहम फैसला यह है कि सावन भर, विशेषकर सोमवार के दिन, किसी भी प्रकार का वीआईपी दर्शन या वीआईपी पास मान्य नहीं होगा। सभी श्रद्धालुओं को समान व्यवस्था के तहत बाबा विश्वनाथ के दर्शन कराए जाएंगे। प्रशासन का कहना है कि उद्देश्य सभी भक्तों को सुरक्षित, सुगम और समान दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराना है।

TOP

You cannot copy content of this page