रूम में मिला खून से लथपथ शव, दोस्त हिरासत में… वाराणसी में आधी रात की मौत ने खड़े किए कई सवाल

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी, बजरडीहा में मंगलवार तड़के एक युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव उसके कमरे में खून से लथपथ हालत में मिलने के बाद पुलिस ने उसके साथ रहने वाले दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दीपांशु राय के रूप में हुई है। वह अपने दोस्त खुश पांडेय के साथ आवास विकास कॉलोनी में किराए के कमरे में रहता था। मंगलवार तड़के करीब 3 बजे पुलिस को सूचना मिली कि दीपांशु कमरे में मृत अवस्था में पड़ा है।

सूचना मिलते ही भेलूपुर पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। कमरे के अंदर दीपांशु का शव खून से लथपथ मिला, जिससे प्रथम दृष्टया चाकू से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मृतक के साथ रहने वाले दोस्त खुश पांडेय को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है।

पुलिस मौके से मिले साक्ष्यों और फोरेंसिक जांच के आधार पर हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। इलाके में हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

TOP

You cannot copy content of this page