गाजीपुर को सीएम ने दी 691.74 करोड़ की सौगात

जिले में विकास को मिलेगी नई रफ्तार, मुहम्मदाबाद की जनसभा से फूंका विकास का बिगुल

जनप्रतिनिधियों संग बैठक में दिए सभी 7 सीटें जीतने का मंत्र- अजीत केआर सिंह

गाजीपुर(काशीवार्ता)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को मुहम्मदाबाद मंडी समिति मैदान में आयोजित विशाल जनसभा के दौरान गाजीपुर को 691.74 करोड़ की 268 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 83 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 185 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल, सीवर, पर्यटन, खेल और कानून-व्यवस्था से जुड़ी इन परियोजनाओं से जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों को विकास की नई गति मिलेगी।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गाजीपुर ऋषि-मुनियों की तपोभूमि है और इसका गौरवशाली इतिहास रामायण काल से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और लक्ष्मण ताड़का वध के लिए इसी क्षेत्र से बक्सर की ओर गए थे। मुख्यमंत्री ने गाजीपुर की वीर परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह धरती देशभक्ति और शौर्य की मिसाल रही है।

प्रभारी मंत्री रवींद्र जायसवाल ने प्रदेश सरकार की विकास नीतियों की सराहना की, जबकि पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और 2027 में भाजपा-सुभासपा गठबंधन सातों सीटों पर विजय प्राप्त करेगा।

लोकार्पित परियोजनाओं में मेडिकल कॉलेज का नर्सिंग कॉलेज, ड्रग वेयरहाउस, ग्रामीण पेयजल योजनाएं, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के भवन एवं छात्रावास, सड़क चौड़ीकरण, सीवर परियोजनाएं और गंगा तट कटानरोधी कार्य शामिल हैं। वहीं शिलान्यास परियोजनाओं में अंधऊ-चौकिया बाईपास, जिला अस्पतालों में फायर फाइटिंग सिस्टम, मेडिकल कॉलेज अस्पताल की बाउंड्रीवाल, नई पुलिस चौकियां, सिंथेटिक हॉकी मैदान, बहुउद्देशीय क्रीड़ागृह के जीर्णोद्धार तथा धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास से जुड़ी योजनाएं प्रमुख हैं।

कार्यक्रम में मंत्री ओमप्रकाश राजभर, प्रभारी मंत्री रवींद्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, भाजपा नेता अभिनव सिन्हा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सरोज कुशवाहा, पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह, पूर्व मंत्री विजय मिश्रा, पूर्व विधायक कालीचरण राजभर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जनसभा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले के सांसद, विधायक, एमएलसी, पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। जिसमे उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में गाजीपुर की सभी सातों सीटों पर कमल खिलाने का लक्ष्य तय करते हुए संगठन और जनप्रतिनिधियों को बूथ स्तर तक सक्रिय रहने का मंत्र दिया।

गहमर की वीरता का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने एशिया के सबसे बड़े गांव गहमर का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि यह गांव लगभग 12 हजार सैनिकों और सैन्य अधिकारियों का गांव है। उन्होंने कहा कि 1962, 1965, 1971 के युद्धों से लेकर कारगिल और ऑपरेशन सिंदूर तक देश की सीमाओं की रक्षा में गाजीपुर के जवानों का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहा है।

TOP

You cannot copy content of this page