धानापुर में धूमधाम से निकाली गई कांवड़ यात्रा


★बोल बम के जयघोष से शिवमय हुआ इलाका
★श्रावण मास में भगवान भोलेनाथ की आराधना से मन को शांति, आत्मिक बल और नई ऊर्जा होती है प्राप्त – ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह

धानापुर (चंदौली) काशीवार्ता। श्रावण मास के पावन अवसर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पर बृहस्पतिवार सुबह स्थानीय नरौली गंगा घाट से ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों शिवभक्तों ने गंगा स्नान कर पवित्र गंगाजल भरा और कांवड़ यात्रा के रुप में दशमी तालाब स्थित नव निर्मित श्री विश्वेश्वर महादेव मंदिर के लिए प्रस्थान किया। इस अवसर पर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।
कांवड़ यात्रा में शामिल धानापुर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने शिवभक्तों के साथ स्वयं कांवड़ में गंगाजल लेकर पैदल यात्रा की और मंदिर पहुंचकर भगवान श्री विश्वेश्वर महादेव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ने कहा शिव का पवित्र जल हाथ में लेकर चलने से एक अलग ही सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हो रहा है। श्रावण मास में भगवान भोलेनाथ की आराधना से मन को शांति, आत्मिक बल और नई ऊर्जा प्राप्त होती है। यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और सेवा की भावना को भी मजबूत करती है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ शिव भजनों व जयघोष के बीच आगे बढ़ते रहे। मंदिर पहुंचने पर सभी शिवभक्तों ने भगवान विश्वेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिली।इस अवसर पर पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के व्यापक प्रबंध कर रखे थे।
बताते चलें कि इस आयोजन को लेकर ब्लॉक प्रमुख ने काफी तैयारी कर रखी थी। उन्होंने कस्बा सहित आसपास के गांवों में स्वयं घूमकर लोगों को कांवड़ यात्रा में शामिल होने का निवेदन किया था। साथ ही वह महीनों से दशमी तालाब के सुंदरीकरण सहित श्री विशेश्वर महादेव मंदिर के निर्माण सहित सड़क मार्ग को सुंदर बनाने में में लगे हुए थे। उनके इस प्रयास व कांवड़ यात्रा के आयोजन लोगों ने खूब सराहना की है

TOP

You cannot copy content of this page