
भदोही। गोपीगंज थाना क्षेत्र के बिरनई गांव के चेरापुर पन्नूपुर में गुरुवार सुबह पति-पत्नी के विवाद ने उस समय सनसनी फैला दी, जब पति से नाराज़ एक गर्भवती महिला मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब चार घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही गोपीगंज थाना पुलिस और जंगीगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाने-बुझाने के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा।
जानकारी के अनुसार, बिरनई निवासी ट्रक चालक लवकुश बिंद की पत्नी प्रतिमा देवी गुरुवार सुबह करीब 5 बजे घरेलू विवाद के बाद नाराज़ होकर घर के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। शौच के लिए निकले ग्रामीणों की नजर जब महिला पर पड़ी तो हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने लगातार समझा कर करीब चार घंटे बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे थाने लाया गया। पुलिस ने मामले की जानकारी लेने के लिए पति लवकुश बिंद तथा उनकी पहली पत्नी विमला देवी को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया।
बताया जा रहा है कि लवकुश बिंद की प्रतिमा देवी से मोबाइल फोन पर बातचीत के दौरान पहचान हुई थी। बाद में दोनों ने प्रेम विवाह कर कोर्ट मैरिज की थी। प्रतिमा देवी तीन माह की गर्भवती हैं। परिवार में पहली पत्नी के होने और उपेक्षा के आरोपों को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी तनाव के चलते प्रतिमा देवी ने यह कदम उठाया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
