
सोनभद्र, रेणुकुट। रेणुकुट स्थित क्रिया कुटी आश्रम में शुक्रवार 31 जुलाई को अघोर गुरु पीठ ब्रह्म निष्ठालय, बनौरा (रायगढ़, छत्तीसगढ़) का 33वां स्थापना दिवस श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आश्रम प्रबंधन के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजे भव्य प्रभात फेरी से होगी। प्रभात फेरी क्रिया कुटी आश्रम से निकलकर हिंडाल्को कॉलोनी, ग्रासिम मोड़ होते हुए पुनः आश्रम परिसर में पहुंचेगी। इसके बाद ध्वजारोहण किया जाएगा और धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ होगा।
स्थापना दिवस पर सफलयोनि पाठ, श्री गुरु चरण पादुका पूजन, अघोर गुरु गीता पाठ, आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृहद वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाएगा।
आश्रम प्रबंधन का कहना है कि स्थापना दिवस का उद्देश्य गुरु परंपरा का सम्मान, आध्यात्मिक चेतना का प्रसार और समाज में सेवा एवं प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
क्रिया कुटी आश्रम के व्यवस्थापक मंडल ने सभी श्रद्धालुओं और धर्मबंधुओं से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर गुरु कृपा प्राप्त करने तथा इस आध्यात्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
