तरना ओवरब्रिज पर मौत बनकर दौड़ी रफ्तार, पोल से टकराकर पलटी कार, युवक की दर्दनाक मौत

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के तरना ओवरब्रिज पर मंगलवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बाबतपुर की ओर से आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर हाई-मास्ट लाइट के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पलट गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार चालक की मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलते ही शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नवीन कुमार सिंह (35 वर्ष) निवासी लक्ष्मणपुर (उचवा लॉज) के रूप में हुई है।

हादसे की जांच के दौरान पुलिस को मृतक के मोबाइल पर उसकी मां का फोन आया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को दुर्घटना की सूचना दी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और घर का माहौल गमगीन हो गया।

पुलिस को कार से दिल्ली नंबर की दो बीयर की बोतलें भी बरामद हुई हैं। ऐसे में शुरुआती जांच में तेज रफ्तार के साथ नशे में वाहन चलाने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर लगाया जाएगा।

शिवपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।

TOP

You cannot copy content of this page